सभी खण्ड शिक्षाधिकारी शत-प्रतिशत आधार प्रमाणीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं… डीएम
कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की।जिलाधिकारी ने आधार प्रमाणीकरण की समीक्षा के दौरान सभी खण्ड शिक्षाधिकारियों से कहा कि शत-प्रतिशत आधार प्रमाणीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण करा लिया जाय। उन्होंने आधार प्रमाणीकरण/डी.बी.टी. की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर खण्ड शिक्षाधिकारी सरसवां, नेवादा व कौशाम्बी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने यूनीफार्म के साथ बच्चों की फोटो पोर्टल पर अपलोड किए जाने के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर खण्ड शिक्षाधिकारी कौशाम्बी, मूरतंगज व सरसवा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खण्ड शिक्षाधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में कार्य पुस्तिका भरवाया जाय, निपुण तालिका अपडेट रखी जाय एवं विद्यालयां में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और बढ़ाई जाय।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी एवं खण्ड शिक्षाधिकारियों से कहा कि मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित किया जाय, किसी भी प्रकार की लापरवाही/शिकायत प्राप्त होने पर सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि विगत कई दिनों से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से कहा कि समिति बनाकर विद्यालयों में आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत सभी कार्यों को पूर्ण करवाया जाय। कस्तूरबा गॉधी आवासीय बालिका विद्यालयों में रिक्त पदों पर चयन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कर लिया जाय।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।










