मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा के साथ अनु मिश्रा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में महाशिवरात्रि महापर्व की गूंज, शिव-पार्वती का विवाह केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि आदर्श दांपत्य और अटूट विश्वास का प्रतीक है- साध्वी डॉ. प्रियंका शुक्ला। पावन महापर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर रामपुर शक्तिपीठ में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। शक्तिपीठ की कार्यकारी अध्यक्ष साध्वी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने शिव-पार्वती विवाह की महिमा पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए इसे प्रेम, त्याग और समर्पण का दिव्य पर्व बताया।
मुख्य महापर्व के संबंध में जब उनसे इसकी महिमा के बारे में पूछा गया तो साध्वी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने अत्यंत प्रभावशाली और ओजस्वी शब्दों में कहा कि शिव-पार्वती का विवाह केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि आदर्श दांपत्य और अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि माता पार्वती ने कठोर तपस्या कर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया, जो यह संदेश देता है कि सच्ची आस्था और समर्पण से असंभव भी संभव हो जाता है।
उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के दिन शिवभक्त व्रत रखकर, रात्रि जागरण कर और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस दिन शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र अर्पित करने का विशेष महत्व है। शक्तिपीठ में भी महापर्व को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां की जा रही हैं, जहां भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और शिव-पार्वती विवाह उत्सव का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द और पारिवारिक एकता का संदेश देता है। सभी भक्तजन बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ इस पर्व को मनाने की तैयारियों में जुटे हैं।
साध्वी डॉ. प्रियंका शुक्ला ने अंत में सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस पावन अवसर पर अपने जीवन में सकारात्मकता, संयम और सेवा भावना को अपनाएं तथा भगवान शिव का स्मरण कर समाज में सद्भाव का वातावरण बनाए रखें।
रामपुर शक्तिपीठ में इस बार महाशिवरात्रि महापर्व को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंच कर शक्तिपीठ माता के दर्शन बाबा भोलेनाथ बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कियाहै।










