लंबित मामलों का शीघ्र,निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें…. एसपी कौशांबी
कौशांबी। एसपी ने थाना संदीपनघाट में अर्दली रूम आयोजित कर लंबित प्रकरणों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण द्वारा थाना संदीपनघाट पर अर्दली रूम का आयोजन कर थाना स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह भी मौजूद रही।समीक्षा के दौरान थाना के समस्त विवेचकों की लंबित विवेचनाओं, प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण, जनसुनवाई प्रकरणों तथा अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही विवेचनाओं में गुणवत्ता बनाए रखने एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।इसके अतिरिक्त थाना अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमित गश्त, अपराध एवं अपराधियों पर सतत निगरानी तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर जनविश्वास को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुए जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क एवं उत्तरदायी होकर कार्य करने के निर्देश दिए।










