24 घंटे के अथक प्रयास के बाद ऋषि का शव बरामद कर लिया गया, किशोर का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के चंद्रप्रभा नदी में रविवार की दोपहर को डूबे 12 वर्षीय किशोर का शव 24 घंटे बाद घटना स्थल से लगभग 100 मीटर दूर मिला। शव को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतक बालक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्ञात हो कि क्षेत्र के सिकन्दरपुर गांव निवासी सुनील कुमार पांडेय का 12 वर्षीय पुत्र ऋषि रविवार को अपने दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही चंद्रप्रभा नदी में नहाने गया था। नहाते समय ऋषि गहरे पानी में जाने के कारण नदी में डूब गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाकर रविवार की देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। सोमवार की सुबह फिर से एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर नदी में डूबे ऋषि का शव ढूंढ निकाला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और वे दहाड़ें मारकर रोने लगे। माता शकुंतला अपने बच्चे का शव देखते ही बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।










