त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय नौटंकी समारोह की तिथि में संशोधन किया गया है। बहुचर्चित नाटककार एवं नौटंकी विद स्वर्गीय विनोद रस्तोगी को समर्पित यह कार्यक्रम अब 8 से 12 सितंबर 2025 तक केंद्र प्रेक्षागृह, प्रयागराज में आयोजित होगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इसका आयोजन 27 से 31 अगस्त तक होना था, किंतु अपरिहार्य कारणों से नई तिथियाँ तय की गई हैं। केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा ने बताया कि इस समारोह के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए थे। निर्णायक मंडल ने इनमें से पाँच नौटंकियों का चयन किया है, जिनका मंचन प्रतिदिन शाम 6 :30 बजे से होगा। इस अवसर पर लोकनाट्य कला के पारंपरिक स्वरूप और उसकी जीवंतता को दर्शाने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह का शुभारंभ 8 सितंबर को विनोद रस्तोगी स्मृति संस्थान, प्रयागराज की प्रस्तुति “बँटवारे की आग” से होगा। इसके बाद 9 सितंबर को “कृष्ण भक्त दानवीर राजा मोरध्वज”, 10 सितंबर को “महाराजा भर्तहरि”, 11 सितंबर को “सत्यवादी हरिश्चंद्र-तारामती” और 12 सितंबर को “अबू हसन” का मंचन किया जाएगा।










