मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। श्री नारायण सर्वेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य द्वार पर श्री गणेश जी की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न। धार्मिक श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ आयोजन, हवन-यज्ञ व विशाल भंडारे का हुआ आयोजन।
नगर क्षेत्र स्थित प्राचीन श्री नारायण सर्वेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य द्वार पर आज विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की प्राण-प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की अपार आस्था के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर नरेंद्र सक्सेना परिवार द्वारा भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन-अर्चन कराया गया। यज्ञ की पवित्र अग्नि में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्राण-प्रतिष्ठा उपरांत मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। इस अवसर पर नरेंद्र सक्सेना परिवार ने बताया कि भगवान श्री गणेश की स्थापना से मंदिर के मुख्य द्वार की शोभा और अधिक बढ़ी है तथा यह क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्री गणेश” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से परिवार, समाज और राष्ट्र के कल्याण की प्रार्थना की। भक्ति श्रद्धालुओं में उपस्थित रहे नरेंद्र कुमार सक्सेना, संजीव दयाल सक्सेना, जूली अमरीश पांडे, मथुरा वृंदावन से आए द्वारा पूजा पाठ किया गया विनोद अग्रवाल, कमलेश गुप्ता, अवनीत कुमार शर्मा, प्रशांत कुमार शर्मा, मनोज सक्सेना, विनोद अग्रवाल आदि उपस्थितरहे।










