मुख्य अभियंता सुधीर कुमार ने दिलाई सत्य, अहिंसा और स्वच्छता की राह पर चलने की शपथ, कार्यस्थल से स्वच्छता अभियान शुरू करने का आह्वान
प्रयागराज। गांधी जयंती पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया स्वच्छ, स्वस्थ भारत बनाने का संकल्प। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर 2 अक्टूबर को लोक निर्माण विभाग, प्रयागराज में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता सुधीर कुमार ने महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को दोनों महान नेताओं के विचारों को अपने जीवन में अपनाने, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत बनाने का संकल्प दिलाया।
अधीक्षण अभियंता, प्रयागराज वृत्त नरेश कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता मिशन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यस्थल से ही इसकी शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने ग्राम स्वराज की भावना को विकसित करने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी से स्वयं स्वस्थ रहने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक बनने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र ने कहा कि “एक जयंती, दो महानायक, एक ही संदेश—सत्य, सादगी और स्वाभिमान।” महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी जयंती हमें सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। यह दिन देश के उन सभी ज्ञात-अज्ञात महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का भी अवसर है, जिनके योगदान से हमें आजादी मिली।
इस अवसर पर सहायक अभियंता एस.एन. शुक्ला, प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार यादव, लकी मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद, सुनील कुमार, पंकज कुमार, योगेंद्र पाण्डेय, उद्धव श्याम केशरवानी, विकास केशरवानी सहित मुख्य अभियंता कार्यालय एवं प्रयागराज वृत्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने, स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।










