मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर सरकारी अस्पताल में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की गोष्ठी आयोजित। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, उ.प्र. के तत्वावधान में जिला सरकारी अस्पताल रामपुर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अस्पताल के सीएमएस डॉ. बी.सी. सक्सेना ने शिरकत की और उपस्थित फार्मासिस्टों को संबोधित किया।
गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया। अपने संबोधन में सीएमएस डॉ. बी.सी. सक्सेना ने कहा कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मरीजों को सही दवा, सही मात्रा और उचित परामर्श देना एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे फार्मासिस्ट बखूबी निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन फार्मासिस्टों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है और आपसी समन्वय से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। गोष्ठी में दवा वितरण व्यवस्था, स्टॉक प्रबंधन, मरीजों को जागरूक करने तथा कार्य स्थितियों में सुधार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अस्पताल स्टाफ ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।










