डीडीयू रेलवे स्टेशन पर दो संदिग्ध युवकों से हुई बरामदगी, महाराष्ट्र के दोनों युवक नहीं दे पाए संतोषजनक जवाब
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों से 52 लाख रुपये की नगदी बरामद की है। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा और वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ डीडीयू जेथिन बी० राज भी शामिल हैं। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
रेलवे स्टेशन डीडीयू के प्लेटफॉर्म नंबर 01/02 पर दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई। इनकी पहचान प्रेम पाटिल (23 वर्ष) और रोहित कोली (19 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों महाराष्ट्र के सांगली जिले के तासगांव के रहने वाले हैं।
दोनों युवकों के पिट्ठू बैगों की जांच करने पर उनमें कुल 52,00,000 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर दोनों ने इतनी बड़ी रकम के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वे इस राशि से संबंधित कोई भी वैध कागजात भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
बरामद राशि के संबंध में आयकर विभाग, वाराणसी को सूचित किया गया। आयकर विभाग की टीम थाने पर पहुंची। पकड़े गए दोनों संदिग्ध व्यक्तियों और बरामद राशि को आगे की कार्यवाही के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।
इस कार्रवाई में जीआरपी डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में टीम शामिल थी। टीम में उप-निरीक्षक संदीप कुमार राय, कांस्टेबल मोहम्मद असगर, कांस्टेबल विजय सिंह सरोज और संग्राम भूषण सिंह भी शामिल थे। आरपीएफ पोस्ट डीडीयू से सहायक उप-निरीक्षक राकेश सिंह और हेड कांस्टेबल अशोक कुमार भी इस अभियान का हिस्सा थे।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अधिकारी इस राशि के स्रोत और इसके गंतव्य का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।










