राजगीर मिस्त्री की पैर फिसलने से डूबकर मौत, परिवार में 2 बेटे और 2 बेटियां
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दामोदरदास पोखरे में गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई। मछली पकड़ने गए 45 वर्षीय सुरेश चौहान की डूबने से मौत हो गई। सुरेश स्वर्गीय नंदू चौहान के पुत्र थे और चंधासी के रहने वाले थे।
घटना उस समय हुई जब सुरेश पोखरे के किनारे कटिया से मछली पकड़ रहे थे। अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। पोखरे की अधिक गहराई के कारण शव को निकालने में काफी समय लगा।
इंस्पेक्टर गगनराज सिंह की मौजूदगी में शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुरेश पारिवारिक विवाद से परेशान थे। पुलिस इस मामले को हादसा मानकर जांच कर रही है।
मृतक राजगीर मिस्त्री के रूप में काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटे राजा और राम बाबू तथा दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी अभी अविवाहित है। घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है।
स्थानीय लोगों की मदद से सुरेश को तुरंत पीपी सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस कोतवाल गगन राज सिंह और इंस्पेक्टर क्राइम चंद्रकेश शर्मा मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।










