त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे एडवोकेट चंद्रजीत यादव को “अपना पूर्वांचल महासंघ” की ओर से प्रयागराज जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दुबे के निर्देशानुसार संगठन के राष्ट्रीय महासचिव फूलचंद दीक्षित द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है।
जारी नियुक्ति पत्र में अधिवक्ता चंद्रजीत यादव को जिले के स्तर पर संगठन का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अंतर्गत शिक्षा, रोजगार, व्यावसायिक , सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाएं तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने के कार्यों को प्रमुखता से संपादित करने का निर्देश है।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक दुबे ने इस अवसर पर कहा कि चन्द्र जीत यादव जैसे ज़मीनी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति से न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि प्रयागराज जैसे विशाल जिले में संगठन की पहुँच और प्रभाव भी बढ़ेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चंद्रजीत यादव को न केवल जिला प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, बल्कि उन्हें संगठन के संयोजक व सह-संयोजकों की नियुक्ति तथा संगठन के ढांचे को मजबूत करने का कार्यभार भी सौंपा गया है।
एडवोकेट अशोक दुबे ने आगे कहा कि आज के समय में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच, सरकारी योजनाओं में जनभागीदारी और स्वरोजगार के अवसरों को विकसित करने की अत्यंत आवश्यकता है।
यही कारण है कि संगठन ऐसे कर्मठ और समाजसेवी कार्यकर्ताओं को आगे ला रहा है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुँचा सकें।
एडवोकेट चंद्रजीत यादव ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और समाज के हर वर्ग तक महासंघ के उद्देश्यों व योजनाओं को पहुँचा कर सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगे।










