धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने कुरहना वाराणसी रिंग रोड के पास से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 11 लाख रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है।
गिरोह का सरगना कौशिक बिंद है। उसके साथ रंजीत बिंद, संजय कुमार बिंद और रोहित कुमार मौर्य को गिरफ्तार किया गया है। कौशिक बिंद पर विभिन्न थानों में 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुगलसराय, अलीनगर, चकिया और अदलहाट थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं।
गिरोह ने जून-जुलाई में कई वारदातों को अंजाम दिया। सैदपुरा की दुकान से इन्वर्टर बैटरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराया। कटेसर पंचायत भवन से लैपटॉप और इन्वर्टर चोरी किए। पटनवा के प्राथमिक विद्यालय से आलमारी और साउंड सिस्टम ले गए। सकलडीहा क्षेत्र के पंपहाउस से 12 बैटरी और इनवर्टर चुराए।

बरामद सामान में 18 बैटरे, 8 इन्वर्टर, 4 कंप्यूटर, एक प्रिंटर और 4 मॉनिटर हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, 3 कूलर, 3 रेफ्रिजरेटर, कुर्सी, लोहे की अलमारी और साउंड सिस्टम भी शामिल हैं। संजय बिंद से जनरेटर बेचकर मिले 3,500 रुपए और कौशिक बिंद से चोरी के तार के 6,000 रुपए बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह और जलीलपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला की टीम ने गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य चोरियों को भी कबूल किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।










