आईबीपीएस की 66 पदों वाली भर्ती में यूपी के अकेले महेश दिवाकर का हुआ चयन
नगर पालिका परिषद भरवारी के महेशपुर के निवासी है मंदीप दिवाकर
कौशांबी/महेशपुर। उपभोक्ता मामले एवं खाद्य मंत्रालय, भारत सरकार की आईबीपीएस द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भर्ती में जेई टेक एग्रीकल्चर के पद पर यूपी से अकेले चयनित हुए नगर पालिका परिषद भरवारी के महेशपुर निवासी मंदीप दिवाकर, गोल्ड मेडलिस्ट की ऐतिहासिक सफलता पर गांव व समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित आईबीपीएस की 66 पदों वाली अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक भर्ती परीक्षा में उत्तर प्रदेश से एकमात्र चयनित अभ्यर्थी बनकर महेशपुर गांव निवासी मंदीप दिवाकर ने पूरे राज्य व समाज को गौरवान्वित किया है।
मंदीप दिवाकर के पिता फूलचंद्र दिवाकर, उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में रिटायर्ड उपनिरीक्षक हैं। उनके बेटे मंदीप की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र के समस्त युवाओं के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण भी है। मंदीप की शिक्षा यात्रा हमेशा से शानदार रही है। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय, मेजा से पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से बीएससी एग्रीकल्चर में प्रथम स्थान प्राप्त कर डिग्री उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से कृषि विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की, जहाँ उन्हें माननीय राज्यपाल द्वारा गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंदीप की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर फैलते ही महेशपुर गांव में जश्न का माहौल है। गांववासियों, रिश्तेदारों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाइयाँ दीं। क्षेत्रीय नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मंदीप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, लगन और दृढ़ निश्चय के बल पर किसी भी चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।










