मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
मैनाठेर, मुरादाबाद। थाना क्षेत्र के अंतर्गत संभल–मुरादाबाद मार्ग पर गांव ताहरपुर के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लगभग 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सुचारु कराया। इंस्पेक्टर किरणपाल सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में जानकारी एकत्र कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है।










