चाइनीज माझे पर रामपुर पुलिस का बड़ा एक्शन।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर कोतवाली पतंग बेचने वालों के साथ कि बैठक, दुकानदारों में मचा हड़कंप

 

मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट

रामपुर। चाइनीज माझे पर रामपुर पुलिस का बड़ा एक्शन। शहर कोतवाली सभागार में चाइनीज माझे के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त चेतावनी दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के स्पष्ट निर्देशन में कोतवाली प्रभारी ओंकार सिंह ने शहर भर के पतंग–माझा विक्रेताओं व दुकानदारों को तलब कर कड़े शब्दों में अंतिम चेतावनी दी।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि रामपुर शहर की सीमा में चाइनीज माझा किसी भी हाल में बिकता हुआ मिला तो सीधी कानूनी कार्रवाई होगी, चाहे वह दुकान हो, गोदाम हो या घर के अंदर छिपाकर रखा गया स्टॉक। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अब केवल चेतावनी नहीं, बल्कि सीधा मुकदमा, माल जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज माझे की वजह से अब तक कई निर्दोष लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें राह चलते लोग, बाइक सवार, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। कई मामलों में गंभीर चोटें और जानलेवा घटनाएं सामने आई हैं, जिसके बाद पुलिस ने इसे जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर अपराध मानते हुए सख्ती बढ़ा दी है।

कोतवाली प्रभारी ओंकार सिंह ने दुकानदारों को दो टूक कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं है। चाइनीज माझा बेचने या रखने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि पुलिस अब विशेष अभियान चलाकर बाजारों, दुकानों और संदिग्ध स्थानों पर औचक छापेमारी करेगी। साथ ही खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि चोरी–छिपे हो रही बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं चाइनीज माझा बिकते हुए दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

चाइनीज माझे को लेकर पुलिस की इस सख्ती के बाद दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है।

अब साफ है कि रामपुर में चाइनीज माझा बेचने वालों पर कानून का शिकंजा कसना शुरू हो चुका है।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai