रामपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, पुराना गंज की दीक्षा पर कुत्ते ने दो बार किया हमला।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर पालिका की लापरवाही उजागर, सरकारी योजनाएं कागज़ों में सिमटीं

मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट

रामपुर। रामपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, पुराना गंज की दीक्षा पर कुत्ते ने दो बार किया हमला। रामपुर के पुराना गंज मोहल्ले में रहने वाली दीक्षा पर एक आवारा कुत्ते ने दो बार हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों द्वारा घायल दीक्षा को तत्काल रामपुर जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे कुत्ता काटने के इंजेक्शन (एंटी-रेबीज) लगाए और उपचार किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराना गंज सहित आसपास की गलियों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई कुत्ते आक्रामक और पागल जैसे व्यवहार करते हुए खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

नगर पालिका की घोर लापरवाही

नगर पालिका द्वारा पूर्व में आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया गया था, लेकिन वह अभियान केवल औपचारिकता बनकर रह गया। सरकार की ओर से रामपुर के लिए बजट भी जारी किया गया, कुत्तों के इलाज व नियंत्रण के लिए अस्पताल की स्थापना और डॉक्टरों की व्यवस्था तक की गई, बावजूद इसके जमीनी स्तर पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते यह समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है। आवारा कुत्तों पर न तो प्रभावी नियंत्रण है और न ही नियमित पकड़ अभियान चलाया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष की चुप्पी पर सवाल

सबसे चिंताजनक बात यह है कि नगर पालिका अध्यक्ष इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही हैं। जनता पूछ रही है कि जब सरकार से बजट मिला, संसाधन मौजूद हैं, तो फिर शहर के नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ क्यों?

जनता की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़ने का विशेष अभियान चलाया जाए। प्रभावित इलाकों में नियमित गश्त और निगरानी हो। नगर पालिका अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्थायी समाधान लागू किया जाए।

यदि समय रहते नगर पालिका ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएं और भी बढ़ सकती हैं, जिसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर नगर पालिका प्रशासन पर होगी।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai