मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर के शिव विहार मंदिर में आयोजित हुआ हिंदू विराट सम्मेलन, धर्म और संस्कृति के संरक्षण का लिया गया संकल्प। रामपुर शहर के शिव विहार कैसव बस्ती स्थित प्राचीन शिव विहार मंदिर परिसर में रविवार को हिंदू विराट सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण और भगवान शिव की पूजा-अर्चना के साथ हुई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट होकर अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत की रक्षा के लिए आगे आना होगा। वक्ताओं ने सनातन परंपराओं, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, युवाओं में संस्कार और सामाजिक समरसता पर विशेष जोर दिया।
हिंदू विराट सम्मेलन में समाज में फैल रही कुरीतियों, नशाखोरी एवं सामाजिक विघटन पर चिंता जताई गई और इनके खिलाफ सामूहिक जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया गया। साथ ही हिंदू समाज को संगठित रहकर राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। हिंदू विराट सम्मेलन का आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें शिव विहार क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।










