मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में महाशिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा शहर। पवित्र पर्व महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में रामपुर शहर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न मोहल्लों में भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा नगर “बम-बम भोले” और “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
शहर के भगवती मंदिर से शिव बारात का शुभारंभ विधि-विधान के साथ किया गया। बारात मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान शिव का स्वागत किया।
वहीं रस्तोगी धर्मशाला से भी गणेश, शिव-पार्वती परिवार की भव्य झांकी के साथ बारात निकाली गई। बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। शिव और माता पार्वती की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भगवान शंकर और माता पार्वती के स्वरूप में सजे कलाकार रथ पर विराजमान थे, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
ज्वाला नगर क्षेत्र में भी शिव बारात का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। समाजसेवी संजीव दयाल के कर कमलों द्वारा बारात का शुभारंभ कराया गया। सुंदर सजी झांकियों, रंग-बिरंगी रोशनी और भक्ति गीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धारण कर दर्शकों का मन मोह लिया। बाजार क्षेत्र में श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते रहे और पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली इन शिव बारातों ने रामपुर शहर में धार्मिक एकता और श्रद्धा का संदेश दिया। आयोजन समितियों द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










