धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। डीडीयू जंक्शन पर 1.75 करोड़ रुपये बरामद, दो संदिग्धों मिले, आयकर विभाग को सौंपा गया। जनपद के डीडीयू जंक्शन पर 28 फरवरी 2026 को रेलवे पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों से 1.75 करोड़ रुपये नकद बरामद किए। यह कार्रवाई रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण तथा अपराधियों की गिरफ्तारी व बरामदगी के लिए चलाए जा रहे एक विशेष अभियान का हिस्सा थी।
यह बरामदगी रात करीब 2:41 बजे प्लेटफार्म नंबर 1 पर खड़ी ट्रेन संख्या 12318 अकालतख्त एक्सप्रेस के कोच ए-1 में चेकिंग के दौरान हुई। संदिग्धों की पहचान लखनऊ निवासी रितेश पटेल (38) और गुजरात निवासी प्रिग्नेश (43) के रूप में हुई।
दोनों व्यक्तियों के पास तीन बैगों में रखे 1,75,00,000/- रुपये नकद मिले। जब उनसे इन रुपयों के बारे में पूछा गया, तो वे कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद, बरामद रुपयों और दोनों संदिग्धों के बारे में आयकर विभाग, वाराणसी को सूचित किया गया। आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संदिग्धों और रुपयों से भरे बैगों को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया।
इस अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे एन. कोलंची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा और वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर कर रहे हैं। वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कुंवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में जीआरपी डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम ने यह चेकिंग की।










