कजरी और तीज क्वीन प्रतियोगिता ने बांधा समां
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। अग्रवाल समाज महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया तीज उत्सव। अग्रवाल समाज महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया तीज उत्सव। श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज, प्रयागराज की महिला मंडल द्वारा हरियाली तीज के पावन अवसर पर जीरो रोड स्थित होटल नवीन कॉन्टिनेंटल में भव्य एवं उल्लासपूर्ण तीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पारंपरिक संस्कृति, लोकगीतों और मनोरंजन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मोना अग्रवाल ने की। कार्यक्रम का संचालन पूजा अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारुल अग्रवाल एवं महिला मंडल की सभी सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कजरी गायन, तीज क्वीन एवं तीज सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कजरी कार्यक्रम में सविता, सूची, नीतू, प्रियंका, निधि, रीता, किरण, पूनम, पिंकी, राधा, संगीता, छाया, ज्योति, अनीता, पूनम एवं सोनी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक कजरी गीतों और महिलाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति और तीज की पारंपरिक खुशबू बिखेर दी।
कार्यक्रम के दौरान तीज क्वीन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं इस वर्ष का तीज सम्मान पूजा अग्रवाल को प्रदान किया गया। सम्मानित होने पर उपस्थित महिलाओं ने उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष पीयूष रंजन अग्रवाल, महामंत्री अभिषेक मित्तल एवं कोषाध्यक्ष मनीष गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे और महिला मंडल का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। अग्रवाल समाज की महिलाओं द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन न केवल मनोरंजन और आपसी मेल-मिलाप का अवसर प्रदान करता है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण कार्य करता है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए महिला मंडल की सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। हंसी-खुशी, गीत-संगीत और उल्लास से सराबोर यह तीज समारोह सभी के लिए यादगार बन गया।










