ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने भोपाल संभाग के सभी जिलों के श्रम विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। श्रम विभाग श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्य वातावरण, आवश्यक सुविधाएँ और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। हर श्रमिक को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन का अवसर मिले इसके लिए सभी जिलों में श्रमिकों के प्रधानमंत्री श्रममान धन योजना अंतर्गत बीमा करवाएं। और श्रमयोगी मानधन योजना से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं आशा कार्यकर्ता सहित असंगठित श्रमिकों को भी अभियान चलाकर इससे लाभान्वित किया जाए।संभागायुक्त ने सभी जिलों के संबल 2.0 पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रम विभाग मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान में ब्लॉक स्तर पर प्रकरणों पर कार्रवाई करें। इसके लिए सभी जिलों में स्पेशल ड्राईव चलाई जाए। ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर परीक्षण कर लक्ष्य बनाकर तय समय- सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। श्रम विभाग की समीक्षा बैठक में संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने रायसेन जिले के अधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं में शिथिलता बरतने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने बैठक में निर्देश दिए कि संभागीय अधिकारी लक्ष्य के अनुरूप संबल 2.0 एवं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर श्रम विभाग की लंबित प्रकरणों के निराकरण की विशेष रणनीति बनाकर प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। प्रतिदिन माइक्रो प्लानिंग के साथ कार्य करने से प्रगति के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।










