त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। बड़े हनुमान जी का जलशयन, दर्शन के लिए चल मूर्ति को ऊपरी तल पर रखा गया। संगम नगरी प्रयागराज में मां गंगा ने लेटे हनुमान जी को महास्नान कराया है। मां गंगा का जलस्तर जैसे ही लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश हुआ तो पूरा मंदिर परिसर हर हर गंगे और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
स्वामी नरेश गिरी और पुजारी द्वारा मां गंगा का विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चना कर भगवती गंगा का हनुमान जी के परिसर में स्वागत किया। पीठाधीश्वर- श्री मठ बाघम्बरी गद्दी भरद्वाजपुरम, प्रयागराज महन्त- श्री बड़े हनुमान जी बलबीर गिरी जी महाराज ने बताया कि गंगा मां के द्वारा स्नान कराने के साथ ही हनुमान जी की अचल मूर्ति शयन कर चुकी है। उनके सानिध्य चल मूर्ति को कोरिडोर के बाहर बने कमरे में रख दी गई है। अब भक्त उनके दर्शन कर सकेंगे।









