मंझनपुर थाना परिसर में सुरक्षा गोष्ठी: त्योहारों पर बाजारों में सीसीटीवी अनिवार्य,संदिग्धों पर रहेगी पुलिस की पैनी नज़र
मंझनपुर, कौशांबी। त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर मंझनपुर पुलिस मुस्तैद, व्यापारियों संग बैठक कर दिए कड़े निर्देश। आगामी धनतेरस, दीपावली, गणेश प्रतिमा स्थापना-विसर्जन एवं हनुमान जी की प्रस्तावित शोभायात्रा के दृष्टिगत आज थाना मंझनपुर परिसर में पुलिस और प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। उप जिलाधिकारी मंझनपुर, क्षेत्राधिकारी मंझनपुर एवं प्रभारी निरीक्षक मंझनपुर विनीत सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत व्यापारियों ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी के दौरान अधिकारियों ने त्योहारों के सीजन में बाजारों की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, विशेषकर ज्वेलर्स की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों को अनिवार्य रूप से 24 घंटे क्रियाशील रखें। इसके साथ ही धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट का कड़ाई से पालन करने तथा सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने व्यापारियों और आयोजन समितियों से अपील की कि वे अपने आस-पास सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस-प्रशासन ने सभी से आगामी त्योहारों को आपसी सौहार्द, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की है।
इस मौके पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य व्यापारी और सुरक्षा बल के अधिकारी मौजूद रहे।









