त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। सीएमपी डिग्री कॉलेज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लीगल एड एंड सर्विसेज क्लिनिक द्वारा बी.ए.एल.एल.बी., एल.एल.बी. एवं एल.एल.एम. पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों हेतु ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह इंटर्नशिप छात्रों को न केवल विधिक सहायता एवं विधिक साक्षरता के क्षेत्र में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
लीगल एड एंड सर्विसेज क्लिनिक के संयोजक डॉ. आर. डी. किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह इंटर्नशिप विशेष रूप से उन विधि छात्रों के लिए लाभकारी है, जो न्याय व्यवस्था को नजदीक से समझना चाहते हैं एवं भविष्य में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य करने की रुचि रखते हैं।
प्रतिभागियों को प्रयागराज स्थित उच्च न्यायालय, जिला न्यायालय, विधिक सहायता केंद्रों एवं मीडिएशन सेंटर में प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा। इंटर्नशिप की सफल पूर्णता पर छात्रों को प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान किए जाएंगे, जो उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास में सहायक होंगे।
छात्र समन्वयक आयुष विश्वकर्मा ने बताया कि इच्छुक छात्र दिनांक 19 मई 2025 तक अपना आवेदन पत्र विधि विभाग स्थित लीगल एड एंड सर्विसेज क्लिनिक में जमा कर सकते हैं।










