धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़ियां में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। बीजेपी वरिष्ठ नेता दीप चंद्र चौरसिया के भतीजे के घर से चोर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की कीमत लगभग 20 से 25 लाख रुपए आंकी गई है।
घटना जलीलपुर पुलिस चौकी से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई है। मकान मालिक अपने परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियां मनाने नेपाल गए हुए थे। यह क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर हुई तीसरी बड़ी चोरी है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। सीओ राजीव सिसोदिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुगलसराय थाना प्रभारी गगन राज सिंह भी मामले की जांच में जुटे हैं।
लगातार हो रही चोरियों के कारण चंदौली पुलिस के गश्ती दावों पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में आक्रोश है कि प्रशासन चोरों पर अंकुश लगाने में विफल रहा है।










