उड़ीसा से लाकर मिर्जापुर में बेचता था, एक बार में 10 हजार तक का मुनाफा
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 5.280 किलो गांजा बरामद हुआ है। जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में टीम ने रात 21:45 बजे लोको कालोनी जीटीआर ब्रिज के पास से आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जौनपुर के मड़ियाहू थाना क्षेत्र के ग्राम परसथ निवासी शुभम तिवारी के रूप में हुई है। शुभम 26 वर्षीय है और हौसिला प्रसाद तिवारी का पुत्र है। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा भुवनेश्वर, उड़ीसा से खरीदकर लाता था और मिर्जापुर में बेच देता था। एक बार में उसे 8 से 10 हजार रुपये तक का मुनाफा होता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी अनिल यादव और कांस्टेबल प्रवेश सिंह शामिल थे। आरपीएफ की टीम में उप निरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल छोटेलाल यादव और प्रिंस कुमार शामिल रहे।










