मुगलसराय पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार, दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय में पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
मुगलसराय थाना प्रभारी गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आनंद नेत्रालय के पास से दो युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में कैलाशपुरी निवासी संदीप गुप्ता उर्फ बहादुर (20 वर्ष) और काली महल, आनंद नगर निवासी रणवीर चौधरी (19 वर्ष) शामिल हैं।
आरोपियों से बरामद तीनों मोटरसाइकिल हीरो कंपनी की हैं। इनमें एक स्प्लेंडर प्रो (UP63 V2592), दूसरी स्प्लेंडर प्लस (UP65 DH3008) और तीसरी स्प्लेंडर प्रो (JH10 AS1156) है।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी अपराध में शामिल रहे हैं। संदीप पर तीन मामले दर्ज हैं। रणवीर के खिलाफ भी तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने वर्तमान मामले में धारा 317(2)/317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी कुड़ा बाजार मनोज कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी रेलवे कालोनी अजय कुमार, हेड कांस्टेबल अभिषेक दूबे, अतुल सिंह और कांस्टेबल भूपेश यादव की टीम शामिल रही।










