मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त पुलिस अधीक्षक रामपुर की उपस्थिति में तहसील मिलक का औचक निरीक्षण किया गया। रामपुर जिला अधिकारी अजय द्विवेदी साथ में पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्रार, कानूनगो, उपजिलाधिकारी न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, कम्प्यूटर कक्ष सहित तहसील के समस्त पटलों का निरीक्षण करते हुए विभिन्न अभिलेखों एवं पत्रावलियों की गहन समीक्षा की।
रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अलमारियों को खोलकर एक वर्ष से अधिक अवधि से लंबित वादों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई, जिनका निस्तारण संतोषजनक पाया गया।
इसके उपरान्त आर0के0 कक्ष में पहुँचकर परवाना रजिस्टर, सीलबंद रजिस्टर आदि का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान रजिस्टरों में कुछ कमियाँ पाई गईं, जिस पर सम्बन्धित राजस्व निरीक्षक को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
कम्प्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर खतौनी आदि के संबंध में संबंधित कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की तथा वहाँ उपस्थित कम्प्यूटरीकृत खतौनी प्राप्त करने आए ग्रामवासियों से संवाद कर खतौनी नकल की शुल्क राशि के बारे में भी जानकारी ली।
उपजिलाधिकारी मिलक को निर्देशित किया कि खतौनी कक्ष को ग्राउंड फ्लोर पर स्थानांतरित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को खतौनी की प्रतिलिपि सहज एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हो सके।










