नई दिल्ली। अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन सिद्दीकी गिरफ्तार, CM रेखा गुप्ता ने की दिल्ली मेट्रो की सराहना, दिल्ली में आतंकी पन्नू की साजिश नाकाम। अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन सिद्दीकी गिरफ्तार, CM रेखा गुप्ता ने की Delhi Metro की सराहना, दिल्ली में आतंकी पन्नू की साजिश नाकाम, दिल्ली-NCR से पेट्रोल-डीजल वाहन होंगे बाहर प्रमुख रहा।
अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन सिद्दीकी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी(Al-Falah University) के चेयरमैन जावेद अहमद सिद्दीकी को जालसाजी और अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की ओर से दर्ज कराई गई दो एफआईआर के आधार पर की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की।
दिल्ली सरकार ने राजधानी को स्वच्छ, प्रदूषण-मुक्त और सुंदर बनाने की दिशा में एक और अहम लक्ष्य हासिल किया है
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के तहत दिल्ली क्षेत्र के सभी 143 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम यानी एंटी-स्मॉग गन (ASG) लगाने का लक्ष्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए दिल्ली मेट्रो की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
दिल्ली में आतंकी पन्नू की साजिश नाकाम
गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में दो स्थानों पर खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दो लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन आरोपियों ने यह कदम सिख फॉर जस्टिस के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू के एक करीबी के कहने पर उठाया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली के दो अलग-अलग स्थानों पर ‘प्रो-खालिस्तान’ और ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखकर अशांति फैलाने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरी साजिश के तार विदेश से जुड़े हुए हैं।
दिल्ली-NCR से पेट्रोल-डीजल वाहन होंगे बाहर
अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं और पेट्रोल या डीजल वाहन के मालिक हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है। प्रदूषण के बढ़ते खतरे को देखते हुए अब सड़कों से पेट्रोल-डीजल वाहनों को हटाने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) द्वारा गठित एक एक्सपर्ट पैनल ने दिल्ली-एनसीआर के लिए सख्त रोडमैप का प्रस्ताव रखा है, जिसमें वाहनों को हटाने की संभावित तारीखें भी सुझाई गई हैं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने याचिकाएं की खारिज
दिल्ली हाई कोर्ट ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2023, खासकर पेपर-2 (सीसैट) को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में न्यायिक समीक्षा का दायरा बहुत सीमित होता है और इस कारण याचिकाओं को मंजूरी नहीं दी जा सकती। जस्टिस अनिल क्षेत्रपाल और जस्टिस अमित महाजन की खंडपीठ ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2023 के सीसैट पेपर-2 को चुनौती देने वाली असफल उम्मीदवारों की याचिकाओं को खारिज कर दिया।
दिल्ली MCD का बड़ा एक्शन प्लान
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत निगम के अधीन आने वाली किसी भी सड़क के खराब होने की शिकायत मिलने पर उसे 48 घंटे के भीतर ठीक किया जाएगा। जर्जर सड़कों की मरम्मत के बाद संबंधित अधिकारियों को चार दिन के भीतर अपने विभाग प्रमुख को स्टेटस रिपोर्ट सौंपनी होगी। राजधानी में नगर निगम के अधीन 15 हजार से अधिक सड़कें हैं, जिनमें अपार्टमेंट, कॉलोनियों और बाजार परिसरों के आसपास की सड़कें अक्सर जर्जर होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट ने न्याय व्यवस्था पर उठाए सवाल
दिल्ली हाईकोर्ट ने आपराधिक न्याय प्रणाली में सामने आई एक गंभीर और चौंकाने वाली चूक पर सख्त रुख अपनाया है। उम्रकैद की सजा पा चुका एक हत्या का दोषी पैरोल पर रिहा होने के बाद 13 साल तक फरार रहा, लेकिन इस दौरान प्रशासन को इसकी कोई जानकारी तक नहीं मिली। इस मामले पर जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंदर दुडेजा की पीठ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे ‘सिस्टम की बड़ी विफलता’ करार दिया।










