मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
स्वार, रामपुर। अनियमितताओं पर CMO ने जताई नाराजगी, स्पष्टीकरण तलब। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने सोमवार को स्वार क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में भारी अनियमितताएं और गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
डॉक्टरों की अनुपस्थिति
निरीक्षण के समय ओपीडी से डॉ. नितिन दत्त, डॉ. सुमित और डॉ. शैलेंद्र गैर-हाजिर मिले। सीएमओ ने इन सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सफाई व्यवस्था
अस्पताल के वार्डों और परिसर में सफाई व्यवस्था अत्यंत लचर पाई गई। कोल्ड चेन कक्ष में रखे टीकाकरण बॉक्स भी गंदे मिले, जिस पर सीएमओ ने अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई।
दवाओं में लापरवाही
टीकाकरण स्थल पर पैरासेटामोल की जगह डाइक्लोफेनेक टैबलेट रखी मिलीं। सीएमओ ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मरीजों का हाल
निरीक्षण के दौरान कई मरीज डॉक्टरों का इंतजार करते मिले। सीएमओ ने महिला वार्ड में पुरुषों की मौजूदगी पर भी एतराज जताया।
डॉ. दीपा सिंह ने संबंधित सीएचसी अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और चेतावनी दी है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए हैं।










