ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समान अधिकार, समान अवसर और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांगजन केवल शासकीय योजनाओं के लाभार्थी नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास की मुख्यधारा के समान सहभागी हैं। एक समावेशी समाज का निर्माण ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने यह बात भोपाल स्थित होटल पलाश में न्यायालय आयुक्त दिव्यांगजन, मध्यप्रदेश, भोपाल एवं साइटसेवर्स इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कही। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम (RPwD Act), 2016 के लागू होने के दस वर्ष पूरे होना देश के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के अधिकारों, समान अवसर, समावेशी विकास तथा RPwD Act के प्रभावी क्रियान्वयन सहित मध्यप्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए नीतियों और व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया।कार्यशाला के माध्यम से मध्यप्रदेश में दिव्यांगजन अधिकारों के संरक्षण, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक सुगम एवं समावेशी व्यवस्थाओं के निर्माण के लिए विभिन्न सुझावों एवं विचारों पर चर्चा की गई।










