अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
उत्तराखंड। जनपद हरिद्वार को नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में एक नई कमान मिल गई है। नव नियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद हरिद्वार। वरिष्ठ अधीक्षक एसएसपी नवनीत सिंह ने कार्यभार संभालते ही उन्होंने पुलिस लाइन में अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट कहा कि हरिद्वार देश-विदेश में अपनी धार्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और कांवड़िए आते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए मिशन शक्ति जैसे अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों पर नियंत्रण, नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान तेज करने, हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनी जाएं और थानों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। एसएसपी ने यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों, प्रमुख बाजारों और हाईवे पर ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाकर जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि अनुशासन और ईमानदारी पुलिस की पहचान है। आम जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए जनसंवाद को मजबूत करना आवश्यक है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने नव नियुक्त एसएसपी का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि उनके नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। नए नेतृत्व से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।










