राजधानी एक्सप्रेस के इंजन में लोको पायलट के साथ पटना-डीडीयू रेलखंड का लिया जायजा
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने पटना-डीडीयू रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने राजेन्द्रनगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309) के इंजन में लोको पायलट के साथ फुटप्लेट निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान दिया। इनमें संरक्षा व्यवस्था, मानसून संबंधी सावधानियां और सिगनलों की दृश्यता शामिल थी। उन्होंने रेलवे ट्रैक के रख-रखाव, ट्रैक की बैलास्टिंग और स्क्रीनिंग का भी जायजा लिया। साथ ही ओवरहेड ट्रैक्शन, एलाइनमेंट और ट्रैक फिटिंग्स की जांच की।
महाप्रबंधक ने लोको पायलट की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने देखा कि स्टेशन और लेवल क्रॉसिंग गेट पर सिगनलों का आदान-प्रदान उचित तरीके से हो रहा है या नहीं। कॉशन ऑर्डर का पालन और स्टेशन से निकलते समय तथा मोड़ पर गाड़ी का लुक बैक भी जांच का विषय रहा।
छत्रसाल सिंह ने राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को संरक्षा नियमों का पालन करते हुए सतर्कता से काम करने का निर्देश दिया। यह निरीक्षण डीडीयू जंक्शन तक जारी रहेगा, जिसमें रेल संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जाएगी।










