शिवम् शुक्ला की रिपोर्ट
औरैया। बुधवार रात को शहर से सटे जैतापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक कच्चे मकान की छत अचानक गिर गई, जिससे मलबे में दादी और उनकी दो पौत्रियां दब गईं। आनन फानन परिजन सभी घायलों को अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुलवाई राठौर की पत्नी रामवती (60) अपने परिवार के संग रहती थी। बुधवार रात को खाना खाने के बाद रामवती (60) मुस्कान व हिमानी के संग पुराने कच्चे घर में लेटी थी। वहीं, रामवती का बेटा टिंकू व बहू पक्के मकान में थे। रात को अचानक पुराने मकान की कच्ची छत भर-भराकर ढह गई।अचानक छत गिरने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। देखा कि तीनों मलबे में दब गए हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और मलबे से तीनों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाया है।










