प्रयागराज के करछना में भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर के इसौटा गांव न पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सर्किट हाउस में रोके जाने से नाराज़ कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव किया और कई गाड़ियां तोड़ दीं। महिलाओं के साथ अभद्रता और पब्लिक के साथ मारपीट की गई। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है
प्रयागराज। इसौटा गांव में भीम आर्मी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर को पुलिस ने रविवार शाम जाने से रोका तो पार्टी कार्यकर्ता उग्र हो गए। करछना तहसील के हनुमानपुर मोरी से लेकर भड़ेवरा बाजार तक जमकर बवाल किया। आधा दर्जन से अधिक बसों, पुलिस की चार गाड़ियों समेत अन्य चार वाहनों पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बाजार के दुकानदारों से मारपीट की। राहगीरों से भी हाथापाई की गई। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो पथराव शुरू कर दिया गया। कई थानों की पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान पहुंचे, लेकिन भीम आर्मी के कार्यकर्ता रह-रह कर पत्थरबाजी करते रहे।
इसौटा गांव के रहने वाले देवीशंकर की 13 अप्रैल को आग से झुलसकर मौत हो गई थी। आरोप लगाया गया था कि उसे जलाकर मार डाला गया है। तहसील प्रशासन ने मृतक के स्वजन को जमीन का पट्टा, सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया था। लेकिन इधर कुछ दिन पहले भीम आर्मी के स्थानीय नेताओं ने यह कहा कि मृतक के स्वजन को कोई सहायता नहीं दी गई है।










