इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में विद्यार्थियों के नामांकन बढ़ाने की कवायद
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय द्वारा कक्षा 6 से 12 तक कुल पांच विद्यार्थियों के नवाचार को इंस्पायर मानक पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाता है। विद्यार्थियों के नवाचार आइडिया के चयन होने पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विद्यार्थी के बैंक खाते में ₹10000 का अवार्ड प्रदान किया जाता है। जिससे वह अपने आईडिया को मॉडल के रूप में जनपद स्तरीय इंस्पायर प्रदर्शनी में प्रदर्शित करते हैं।
उक्त जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज पीएन सिंह ने बताया कि योजना में विद्यार्थियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 जून से अन्तिम तिथि 15 सितंबर तक निर्धारित है। आगे बताया कि महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) के निर्देश के क्रम में जनपद के प्रत्येक विद्यालय से पांच विद्यार्थियों के गुणवत्तापूर्ण नवाचार को ससमय इंस्पायर पोर्टल पर रजिस्टर्ड कराने के दृष्टिगत जनपद में 4 सितंबर को इंस्पायर आईंडिया नामांकन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। विद्यार्थियों के बीच इंस्पायर मानक योजना का व्यापक प्रचार प्रसार एवं 4 सितंबर को इंस्पायर आईडिया नामांकन दिवस के अवसर पर जनपद के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के सभी प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक विद्यालय स्तर पर चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ मौलिक एवं नवाचारी गुणवत्तापूर्ण विचारों आईडियास को इंस्पायर पोर्टल पर ऑनलाइन नामांकन कराए जाना सुनिश्चित किया जाएगा। जनपद के सभी राजकीय अशासकीय सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त हाई स्कूल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की बैठक करके उन्होंने नामांकन दिवस पर प्रत्येक विद्यालय से पांच आइडिया का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
इंस्पायर नामांकन हेतु जनपद के सभी ब्लॉकों के नोडल प्रधानाचार्य सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह तथा समन्वयक जिला विज्ञान क्लब डा. लालजी यादव को इंस्पायर नामांकन निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया।










