मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। सीओ मिलक के कथित अपशब्दों के विरोध में जाटव महासभा का धरना, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन। तहसील मिलक में सीओ सिटी मिलक द्वारा कथित रूप से अपशब्द कहे जाने के विरोध में अखिल भारतीय जाटव महासभा के नेतृत्व में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सीओ के खिलाफ नारेबाजी की और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
धरने में जाटव महासभा के साथ वाल्मीकि समाज के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक अधिकारी को किसी भी जाति या धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। इस तरह की टिप्पणी से समाज में वैमनस्य फैलता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अखिल भारतीय जाटव महासभा के नेता महेश सागर ने कहा कि “सीओ सिटी मिलक को किसी भी जाति या धर्म को बदनाम करने या अपशब्द कहने का कोई अधिकार नहीं है। यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।”
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन में मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए। सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।










