धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित मनोहरपुर काशीराम आवास में पिछले दो वर्षों से जल संकट बना हुआ है। यहां रहने वाले लगभग 250 लोगों को पीने के पानी के लिए पड़ोसी गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर विधायक रमेश जायसवाल और अध्यक्ष सोनू किन्नर से कई बार शिकायत की। लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।
स्थानीय लोगों ने काशीराम आवास में विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मुख्य मांग है कि उन्हें शुद्ध पेयजल की व्यवस्था मुहैया कराई जाए। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, एसडीएम अनुपम मिश्रा से भी इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
आवास के निवासियों ने कहा कि उन्हें अधिकारियों और विधायक पर भरोसा है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनकी यह समस्या हल हो जाएगी। लोगों का कहना है कि वे पिछले दो सालों से इस गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं और अब जल्द समाधान की आवश्यकता है।










