टीएन शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज हिंमाशु बडोनी की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, प्रयागराज मंडल की बैठक मंडल कार्यालय के संकल्प सभागार में संपन्न हुई। इस बैठक में मंडल के सभी वीभगोन के शाखा प्रमुख उपस्थिति थे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने राजभाषा की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा है कि हिंदी हमारी मातृभाषा है जिसे हम नैसर्गिक रूप में प्रकट कर सकते हैं। राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग सरकारी कामकाज में करने के लिए हमें इसे अपने दैनिक जीवन में बोलचाल की भाषा और व्यवहार में प्रयोग करना होगा तभी राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में पत्रों, सारपृष्ठों, फाइलों पर प्रयोग किए जाने वाले वाक्यों आदि में क्लिष्ट हिंदी का प्रयोग न कर सहज रूप से समझ में आने वाले शब्दों का प्रयोग किया जाय। उन्होंने आगे कहा कि हिंदी को हमें स्वयं के कर्तव्य के रूप में प्रयोग करना चाहिए न कि किसी दबाव अथवा सुझाव के रूप में। सर्वप्रथम हमें राजभाषा हिन्दी बोलते वक्त स्वयं को गौरवान्वित महसूस करना चाहिए क्यूँकि हम भारतीय हैं और भारत आम जनमानस की भाषा हिन्दी है। अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि हम सभी को अपने मनोभावों को व्यक्त करने में अपनी भाषा का प्रयोग करना चाहिए और सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने निरीक्षण के दौरान हिंदी प्रगति का भी जायजा लें और पायी गई कमियों को दूर कराने हेतु ठोस कदम उठाएं।
बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी नवीन प्रकाश ने प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी की प्रगति से सभी शाखाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक के दौरान सभी शाखाधिकारियों सहित अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य संजय सिंह एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन अजय कुमार राय भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हिमांशु शुक्ला; वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मनीष कुमार खरे; वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, राजीव चतुर्वेदी ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ावा देने के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन जनसंपर्क अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने किया।










