मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। तंबाकू नियंत्रण को लेकर जिला चिकित्सालय रामपुर में मासिक समीक्षा बैठक, जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश। जिला चिकित्सालय रामपुर के सभागार में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने की। इस दौरान तंबाकू नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों, प्रवर्तन कार्यवाही, जनजागरूकता अभियानों तथा उपचार सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिला स्तर पर चल रहे तंबाकू निषेध अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी कार्यालयों में धूम्रपान निषेध कानून के अनुपालन की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कोटपा (COTPA) अधिनियम के तहत कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्ती से रोक सुनिश्चित की जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक जानलेवा रोगों का मुख्य कारण है। हमें केवल चालान या कार्यवाही तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल करना है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण करें और स्कूल स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।”
उन्होंने आगे कहा कि जिला चिकित्सालय में तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए परामर्श सेवाओं को और मजबूत किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस लत से बाहर आ सकें।
इस अवसर पर सीएमएस डॉ. बी.सी. सक्सेना ने कहा, “जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को तंबाकू के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। अस्पताल परिसर को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
बैठक में वरिष्ठ चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मी उपस्थित रहे। जिला सलाहकार डॉ. सज्जाद हसन खान ने कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त बिजेंद्र कुमार, संतोष कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी माह में विशेष तंबाकू जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा तथा शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक अभियान चलाकर युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।










