मंडल प्रभारी अवनीत कमल शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। गणतंत्र दिवस के पूर्व संध्या पर फार्मर ट्रेडर्स एसोसिएशन रामपुर की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर फार्मा ट्रेडर्स एसोसिएशन रामपुर द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लगातार चौथे विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुनीत अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन संदीप बडोला एवं डिप्लोमा संगठन की पूरी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फार्मा ट्रेडर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि रामपुर जनपद में वर्ष भर निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए “रक्त सेवा रत्न सम्मान पत्र” प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वीर खालसा सेवा समिति के अवतार सिंह, मदद विकास फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतीक पंडित, युवा जनकल्याण सेवा समिति के अमन गर्ग एवं अभिषेक सक्सेना तथा साथी वेलफेयर सोसाइटी के दानिश खान को रक्त सेवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।
संगठन के महामंत्री मोहम्मद आजम खान ने जानकारी दी कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संगठन द्वारा 26 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें तीन महिला रक्तदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की, जो नारी शक्ति की सराहनीय भूमिका को दर्शाता है।
संगठन के चेयरमैन राजकुमार सेठी ने बताया कि कार्यक्रम में इंपैक्ट कॉलेज के डायरेक्टर सुल्तान खान, सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष संजय पाठक, वैश्य समाज के जिला अध्यक्ष गौरव अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन के मीडिया प्रभारी माजिद खान एवं उपाध्यक्ष मसूद अख्तर ने बताया कि जिला यातायात प्रभारी नवनीत कुमार एवं यातायात विभाग के कई कर्मियों ने भी रक्तदान कर समाज सेवा में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर मसवासी, बिलासपुर सहित विभिन्न तहसीलों व ब्लॉकों से आए संगठन के पदाधिकारी एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










