मुगलसराय के चार गांवों में जमीन अधिग्रहण के खिलाफ सपा नेता ने किया प्रदर्शनकारियों का समर्थन
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय में बंदरगाह और फ्रेट विलेज परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध बढ़ गया है। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से मुलाकात की।
मिल्कीपुर, ताहीरपुर, रसूलागंज और छोटा मिर्जापुर के किसान जमीन के जबरन अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगी। उनका आरोप है कि प्रशासन जबरन जमीन लेना चाहता है।
श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 28 जून को इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की थी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पार्टी हर स्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी। श्रीवास्तव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह गरीब किसानों के हित की अनदेखी कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन ईशान मिल्की ने किया। कार्यक्रम में डब्लू साहनी, वीरेंद्र साहनी, मास्टर विद्याधर समेत कई प्रमुख लोग और सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों की ओर से अखिलेश यादव और रीबू श्रीवास्तव का आभार व्यक्त किया गया।










