चार्टर्ड अकाउंटेंट विनय गोयल को बनाया गया जयंती संयोजक
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। अग्रसेन जयंती 2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी तेज। अग्रसेन जयंती 2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी तेज। अग्रसेन अग्रवाल समाज, प्रयागराज द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली अग्रसेन जयंती समारोह के लिए वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट विनय गोयल को जयंती संयोजक नियुक्त किया गया है।
समाज द्वारा विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन जी की जयंती 27 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सेवा कार्यक्रमों के साथ उत्साह और उल्लासपूर्वक मनाई जाएगी।
समारोह का मुख्य उद्देश्य महाराजा अग्रसेन जी के सेवा, सहयोग, समानता, परस्पर भाईचारे और समाज कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता, सहभागिता तथा युवा एवं प्रतिभाशाली सदस्यों को प्रोत्साहित करना भी समारोह की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
जयंती संयोजक विनय गोयल ने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल एक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कारों और सेवा भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी सदस्यों के सहयोग, सहभागिता और सुझावों से इस वर्ष के कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक, रचनात्मक एवं यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस वर्ष समारोह का एक विशेष आकर्षण ‘अग्रसेन म्यूजिकल स्टार’ प्रतिभा खोज कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से समाज की संगीत प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।
समाज के महामंत्री अभिषेक मित्तल ने बताया कि आगामी दिनों में जयंती समारोह के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर इसकी जानकारी समाज के सदस्यों को दी जाएगी।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि इस वर्ष अग्रसेन जयंती समारोह को समाज के प्रत्येक परिवार और विशेष रूप से युवाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और समाज के रचनात्मक कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना तथा समाज की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना मीडिया की प्राथमिकता रहेगी।










