आरपीएफ-जीआरपी ने एक व्यक्ति को पकड़ा, आयकर विभाग को सौंपा
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चदौली। डीडीयू स्टेशन पर ₹16.25 लाख कैश रेलवे पुलिस ने किया बरामद। होली त्योहार के मद्देनजर डीडीयू स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक व्यक्ति से 16 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। व्यक्ति नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे डीडीयू स्टेशन के पैदल गामी पुल पर हुई। आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की टीम यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान, एक व्यक्ति लाल रंग का छोटा बैग लटकाए तेज कदमों से पुल पर चलता हुआ दिखा, जिस पर टीम को संदेह हुआ।
संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। व्यक्ति ने अपनी पहचान सोनू कुमार सोनी (37 वर्ष), पुत्र बनारसी प्रसाद सोनी, निवासी पानी टंकी धनटोलिया मुहल्ला, वार्ड नंबर 26, थाना डेहरी ऑन सोन, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में वह बैग में रखी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद उसे और बरामद कैश को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू लाया गया।
कैश की गिनती करने पर कुल 16 लाख 25 हजार रुपये पाए गए। प्राथमिक पूछताछ में सोनू कुमार सोनी ने बताया कि वह यह राशि वाराणसी से डेहरी ऑन सोन ले जा रहा था।
मामला आयकर विभाग से संबंधित होने के कारण वाराणसी आयकर विभाग को सूचित किया गया। आयकर विभाग वाराणसी की टीम आरपीएफ पोस्ट डीडीयू पहुंची और बरामद नकदी तथा पकड़े गए व्यक्ति को उन्हें सौंप दिया गया। आयकर विभाग द्वारा पकड़े गए व्यक्ति से आगे की पूछताछ की जा रही है।
इस चेकिंग टीम में आरपीएफ से प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, उप निरीक्षक अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, बृजेश कुमार सिंह; सीआईबी टीम से अवधेश प्रताप; और जीआरपी टीम से प्रभारी सुनील कुमार सिंह, उप निरीक्षक संदीप शर्मा सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।










