टीएन शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। 30 मई को रेलवे सुरक्षा बल/मानिकपुर के सहायक उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के आधार पर मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर गाडी संख्या 15017, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस में परिवार से बिछुड़ी महिला को स्टाफ के साथ अटेंड किया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पूछ-ताछ करने पर महिला यात्री ने अपना नाम मिथलेश बताया। मिथलेश अपने परिजनों के साथ गाड़ी संख्या 12190 हज़रत निज़ामुद्दीन-जबलपुर महाकौशल एक्सप्रेस से धौलपुर से चित्रकूट आ रही थी। उसके परिजन चित्रकूट स्टेशन पर उतर गए परन्तु भीड़ अधिक होने के कारण महिला यात्री मिथलेश गाड़ी से उतर नहीं पायी और परिवार से अलग होकर मैहर पहुँच गयी।
मैहर स्टेशन के राजकीय रेलवे पुलिस ने महिला यात्री को गाडी संख्या 15017, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस से मानिकपुर उसके परिजनों के पास भेज दिया। रेलवे सुरक्षा बल/मानिकपुर के सहायक उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने महिला यात्री मिथलेश को उसके के सुपुर्द कर दिया।










