मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय किया गया आयोजन। रज़ा पुस्तकालय, रामपुर द्वारा दिनांक 19 दिसंबर 2025 को आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रम “मनुष्यता के पथ प्रदर्शक राम” के उपलक्ष्य में पुस्तकालय के निदेशक डॉ पुष्कर मिश्र जी ने जानकारी प्रदान करते हुए कहा है कि पुस्तकालय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रेरणादायी संदेश प्राप्त हुआ है। यह सन्देश न केवल रामपुर के लिए बल्कि सभी क्षेत्रवासियो के लिए अत्यन्य हर्ष का विषय है साथ ही यह संदेश न केवल इस कार्यक्रम की गरिमा एवं महत्ता को बढाएगा, बल्कि भारतीय संस्कृति, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों तथा कला-साहित्य की समृद्ध परंपरा के प्रति राज्य सरकार की उच्च प्रतिबद्धता को भी अभिव्यक्त करता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा है कि यह उनके लिए हर्ष और आनंद का विषय है कि रामपुर रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार तथा मेघवर्ण आर्ट गैलरी के संयुक्त तत्वावधान में ‘मनुष्यता के पथ प्रदर्शक राम’ विषय पर कला प्रदर्शनी एवं व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है।
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की प्रेरणा पर आधारित यह अद्भुत कला-प्रदर्शनी भक्ति, संस्कृति और भारतीय जीवन दर्शन के उज्ज्वल स्वरूप को एक साथ प्रस्तुत करने वाली है। प्रभु श्रीराम का चरित्र सत्य, धर्म, कर्तव्य, करुणा और आदर्श शासन का अतुलनीय प्रतीक है। उनकी जीवन-यात्रा भारतीय संस्कृति की वह अमर धारा है जो आज भी हमारे सामाजिक और राष्ट्रीय चिंतन को दिशा प्रदान करती है।
कला केवल सौंदर्य का माध्यम नहीं बल्कि समाज के विचार, मूल्य और आत्मा की अभिव्यक्ति होती है। इस प्रदर्शनी में सृजित कृतियां हमारे कलाकारों की साधना, संवेदना और समर्पण का उत्कृष्ट प्रमाण हैं। इन रचनाओं में रामायण की दिव्यता, मर्यादा की शक्ति, भक्ति की पवित्रता और भारतीय आध्यात्मिक चेतना का सजीव दर्शन होता है।
मुख्यमंत्री विश्वास जताया है कि रामपुर रज़ा पुस्तकालय की यह प्रदर्शनी आमजन के हृदय में प्रभु श्रीराम के आदर्शों के प्रति श्रद्धा और प्रेरणा को और गहरा करेगी। यह आयोजन भारतीय संस्कृति की आत्मा को नई ऊर्जा देकर राष्ट्र निर्माण के हमारे संकल्प को और दृढ़ करेगा। मुख्यमंत्री ने आयोजित होने बाले कार्यक्रम के लिए सभी कलाकारों, व्याख्याताओं, आयोजकों और इस श्रेष्ठ उपक्रम से जुड़े सभी सम्माननीय व्यक्तियों को हृदय से अभिनंदन और शुभकामनाएं भी प्रदान की हैं ।
पुस्तकालय के निदेशक डॉ पुष्कर मिश्र ने कहा कि हम माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस कार्यक्रम के लिए अपना प्रेरणादायी संदेश प्रेषित कर हमें गौरवान्वित किया है। उनका संदेश न केवल इस आयोजन की गरिमा को बढाएगा , बल्कि यह भी दर्शाता है कि राज्य सरकार भारतीय कला, संस्कृति और अध्यात्म के संवर्धन के प्रति कितनी प्रतिबद्ध है।
कहा कि पुस्तकालय द्वारा आयोजित होने वाले “मनुष्यता के पथ प्रदर्शक राम” विषयक कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, आदर्शों और जीवन मूल्यों के शाश्वत संदेश को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक विनम्र प्रयास है।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भारतीय समाज के आदर्श—कर्तव्य, मर्यादा, करुणा, सत्य, सेवा और समता के जीवंत प्रतीक हैं। इस अवसर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों और व्याख्यानों में इन्हीं मूल्यों को कला, चित्रांकन, शब्द, व्याख्या और भक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया जायेगा। हमें विश्वास है कि इस कार्यक्रम द्वारा रामायण की दिव्यता, मर्यादा की शक्ति, भक्ति की पवित्रता और भारतीय आध्यात्मिक चेतना का संगम आप सबके हृदय को अवश्य स्पर्श करेगा। कहा कि रामपुर रज़ा पुस्तकालय सदैव से ज्ञान, संस्कृति, शोध और सौहार्द्र का एक समृद्ध केंद्र रहा है। हमारा यह भी निरंतर प्रयास रहा है कि ऐसे आयोजन केवल कला के प्रदर्शन भर न बनें, बल्कि समाज में सकारात्मक सांस्कृतिक चेतना और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बनें।
रामपुर रज़ा पुस्तकालय इस प्रेरणादायी संदेश के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता है और आशा करता है कि होने वाला यह आयोजन सभी आगंतुकों, विद्वानों, छात्रों और कला-प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होगा।










