एसपी राजेश कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर किया खुलासा, अवैध संबंध को लेकर हुई महिला की हत्या
कौशाम्बी। सैनी थाना अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर मिले महिला के शव से संबंधित घटना का सैनी पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। एसपी राजेश कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया है। रेलवे ट्रैक पर मिले महिला के शव से संबंधित घटना का सैनी पुलिस ने किया सफल अनावरण।
गौरतलब हो कि दिनांक 07.02.2026 को रात्रि 9:30 बजे रेलवे कन्ट्रोल रुम द्वारा थाना सैनी पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम परसीपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा मौके पर जाकर देखा गया कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है और जिसके मुंह पर टेप लगा हुआ था, दोनों पैर भी आपस में बंधे हुए थे, रस्सी से गला कसा हुआ था तथा बायाँ हाथ ट्रेन की चपेट से कटकर क्षत-विक्षत हो गया था। साक्ष्य संकलन के क्रम में फील्ड यूनिट/फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं स्थानीय पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुये अज्ञात शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया था। घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत राजेश कुमार पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी द्वारा शव की शिनाख्त कर घटना के शीघ्र, सफल अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये थे।
इसी क्रम में गठित टीमों द्वारा शव के शिनाख्त कराने हेतु सोशल/प्रिंट/ इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार कराया गया, जिससे मृतका की शिनाख्त उर्मिला देवी पत्नी स्व० चिंतामणि निवासी हिसामबाद थाना मोहब्बतपुर पइंसा जनपद कौशाम्बी के रूप में हुआ एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृतका की हत्या किये जाने की पुष्टि हुई। तत्पश्चात गठित टीमों द्वारा इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की मदद, सीसीटीवी कैमरो के अवलोकन तथा साक्ष्य संकलन से प्रकाश में आये अभियुक्त 01. दिनेश कुमार पुत्र स्व० बिहारीलाल उर्फ देवशरण 02. रंजीत कुमार पुत्र हरीश्चन्द्र निवासी गण जवई पडरी थाना मोहब्बतपुर पइंसा जनपद कौशाम्बी को मुखबिर खास की सूचना के आधार पर जवई पड़ी गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों की निशादेही पर मृतका का टूटा हुआ मोबाइल, मृतका से सैण्डल, मृतका की दवाईयां एवं लिफापा, ओरोपीगणों द्वारा घटना के समय पहने गये जैकिट और जूते, घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल हीरो स्प्लेण्डर व घटना में प्रयुक्त बचा हुआ टेप रोल बरामद किया गया। विधिक कार्यवाही के पश्चात अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया है।
अभियुक्त दिनेश द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया गया कि साहब करीब दो साल पहले बिजली का बिल जमा करने के दौरान मेरी मृतका से मुलाकात हुई थी, तभी से मेरी और मृतका की मोबाइल से बातचीत होने लगी और नजदीकियां बढ़ गयी। उर्मिला के पति का देहान्त हो चुका था और मेरा उसके घर आने-जाने का सिलसिला शुरु हो गया था । मैं कुंआरा हूं, करीब दो-ढाई महीने पहले मेरी शादी कहीं और तय हो गयी तो इसी बजह से में मृतका से पीछा छुड़ाने लगा और उसे समझाने की कोशिश की परन्तु उर्मिला ने मुझे धमकी दी और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और कहा कि अगर तुमने शादी की तो मैं तुम्हारे खिलाफ पुलिस में शिकायत करूंगी और मुकदमा लिखाऊँगी। मैं उर्मिला से तंग आकर मैनें अपने गाँव के रहने वाले रंजीत कुमार पुत्र हरिश्चन्द्र जो कि मेरा दूर के रिश्ते में भाई भी लगता है से उर्मिला के बारे में बताया। आपस में बातचीत करने के लिये हम लोगों ने प्लान बनाकर एक नये सिम की व्यवस्था की और उदयन बाजार से रस्सी खरीदी।
दिनांक 07.02.2026 को सुबह उर्मिला को ईलाज कराने हेतु जिला अस्तपताल मंझनपुर लेकर गये और उसके बाद बहाने से योजना के अनुसार पहले से देखी गयी जगह परसीपुर रेलवे अण्डरपास के पास पहुँच गये, जहां पर रंजीत पहले से मौजूद था। सूनसान जगह देखकर हम लोगों ने उर्मिला को जमीन पर गिरा दिया फिर रंजीत ने उसका मुँह दबाया और मैने गला दबाकर हत्या कर दी थी। हम लोगों ने गले में रस्सी लपेटकर कस दिया ताकि मरने के संबंध में कोई संदेह न रह जाये और हाथ, पैर बांधकर मुँह व नाक में चारो तरफ टेप लगाकर सबूत मिटाने के लिये लाश को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया था। अभियुक्त रंजीत ने भी पूछताछ पर घटना की पुष्टि करते हुए उपरोक्त बातों को स्वीकार किया।










