त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। प्रयागराज मण्डल में यात्रियों को उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर जांच अभियान चलाए जाते हैं । इन अभियानों में गाड़ियों में अनाधिकृत/अनियमित यात्रा, बिना बुक किए/अवैध सामान ले जाने में संलिप्त और सहयोग करने वाले कोच अटेंडेंट एवं ओबीएचएस कर्मचारियों की सघनता से जांच की जाती है ।
वरिष्ठ मण्डल व्यंजिय प्रबंधक /कोचिंग, हिमांशु शुक्ला के निर्देशानुसार उपमुख्य यातायात प्रबंधक/ टूंडला के सुपरविजन में दिनांक 17.05.2025 से 26.05.2025 तक नई दिल्ली-टूंडला के मध्य अनाधिकृत/अनियमित यात्रियों को ले जाने एवं बिना बुक किए/अवैध सामान/ वस्तुओं को ले जाने वाले परिचारकों/ओबीएचएस कर्मचारियों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया । 10 दिन तक चलाए गए इस जांच अभियान में 1705 यात्रियों को बिना टिकट, अनियमित यात्रा के लिए प्रभारित कर 15,20,840/ रुपये वसूल किए गए।
इस अभियान में नियम विरुद्ध कार्य करने के लिए 23 कोच अटेंडेंट के विरुद्ध कार्यवाई की गयी। यह कोच अटेंडेंट बिना बुक किए गए समान को ले जाने और लोगों से रुपये लेकर उन्हें यात्रा करने में संलिप्त थे। इसके अतिरिक्त 40 से अधिक कोच अटेंडेंट को अनधिकृत यात्रा के लिए प्रभारित कर जुर्माना लगाया गया। खानपान सामग्री बेचने वाले 10 से अधिक अनधिकृत वेंडरों को पकड़कर अग्रिम कार्यवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिया गया। 6 से अधिक ओबीएचएस कर्मचारियों को नियम विरुद्ध कार्यों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कार्यवाई की गयी।
इस जांच अभियान में ट्रेन संख्या 12304 में चेकिंग के दौरान कोच A1 के अटेंडेंट, दमन कुमार को अवैध रूप ले जा रहे 17 बोतल विदेशी मदिरा के साथ पकड़ गया और टूंडला स्टेशन पर उतार कर अग्रिम कार्यवाही के लिए राजकीय रेलवे पुलिस/टुंडला के सुपुर्द कर दिया गया। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, हिमांशु शुक्ला ने बताया कि इस तरह के सघन जांच अभियान अब निरंतर चलाए जाएंगे और नियमविरुद्ध कार्य करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाई की जाएगी।
बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकिट के साथ यात्रा एवं बिना बुक किए गए समान को ले जाना दंडनीय अपराध है। भारतीय रेलवे के नियम के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया जा सकता है या जेल हो सकती है या फिर दोनों हो सकते हैं। प्रयागराज मण्डल, उत्तर मध्य रेलवे अपने सभी सम्मानित रेल यात्रियों से अपील करता है कि असुविधा से बचने और सम्मान के साथ यात्रा करने के लिए उचित और वैध रेलवे टिकट के साथ यात्रा करें।










