धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। अलीनगर थाने में तैनात होमगार्ड जवान की संदिग्ध मौत, गांव में शव मिलने से सनसनी। जनपद चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीकांठपुर गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब अलीनगर थाने में तैनात होमगार्ड जवान विजय कुमार भारती का शव उनके घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार विजय कुमार भारती अलीनगर थाने में होमगार्ड जवान के रूप में तैनात थे। मंगलवार रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने गांव श्रीकांठपुर स्थित घर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार उन्होंने रात में भोजन किया और सोने चले गए। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो विजय कुमार भारती चारपाई के नीचे मृत अवस्था में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि उनके कान से खून निकलने के निशान भी दिखाई दिए, जिससे उनकी मौत रहस्य का विषय बन गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि अलीनगर थाने में तैनात होमगार्ड जवान विजय कुमार भारती अपने गांव में मृत अवस्था में पाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह रात में भोजन करने के बाद सोए थे और सुबह चारपाई से नीचे गिरे हुए मृत मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।










