मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर के रठौंडा में ऐतिहासिक किसान मेले का हुआ भव्य शुभारंभ। जनपद के रठौंडा में आज आयोजित ऐतिहासिक किसान मेले का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने फीता काटकर किया। मेले में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रामपुर जिला पंचायत के चेयरमैन ख्याली राम लोधी सहित सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री नकवी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ऐसे आयोजनों से किसानों को नई तकनीक, आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नत बीजों की जानकारी मिलती है। उन्होंने किसानों से नवीन कृषि पद्धतियों को अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मेले में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी ली।
मेले में कृषि यंत्रों, उन्नत बीज, जैविक खाद, पशुपालन और कृषि संबंधित विभिन्न योजनाओं के स्टॉल लगाए गए, जिनमें किसानों ने विशेष रुचि दिखाई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। यह किसान मेला क्षेत्र के किसानों के लिए नई संभावनाओं और आधुनिक खेती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।










